हर्षोदय टाइम्स बिमलेश कुमार पाण्डेय
महाराजगंज। घुघली विकासखंड के गोडधोवा चौराहे पर खड़ा एक जर्जर विद्युत पोल स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरे का सबब बना हुआ है। पोल की हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है, जिससे किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
बताया जा रहा है कि गोडधोवा चौराहा क्षेत्र का प्रमुख और व्यस्त इलाका है, जहां दिनभर पैदल यात्रियों, दुकानदारों और वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में पोल के गिरने की स्थिति में जान-माल के नुकसान की प्रबल संभावना बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पोल काफी समय से झुका हुआ है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
इस संबंध में चन्द्रमौलि त्रिपाठी, अरविंद दुबे, देवब्रत दुबे, किसन दुबे, रविकेश गुप्ता, पप्पू शर्मा, रामनैन, झिनकू शर्मा, रमेश, महेन्द्र दुबे, हेमन्त, रामा, सन्तोष, बृजराज और आनंद सहित अन्य ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक जर्जर पोल को बदलने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।


