सिसवा–घुघुली मार्ग पर ट्रक-बाइक टक्कर में पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी

सिसवा बाजार/महराजगंज- सिसवा–घुघुली मार्ग पर बौरहवा बाबा मंदिर के पास रविवार सुबह एक ट्रक और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में पिता-पुत्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत हुआ। मृतक सिसवा कस्बे के अमरपुरवा मोहल्ले के निवासी थे, जो बाइक से शादी का कार्ड बाँटने जा रहे थे।

मृतकों की पहचान नगर पालिका परिषद सिसवा के अमरपुरवा मोहल्ला निवासी हरिश्चंद्र रौनियार (28 वर्ष) और उनके पिता राजू रौनियार (58 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद हरिश्चंद्र रौनियार को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जबकि राजू रौनियार ने सिसवा अस्पताल में अंतिम सांस ली।

सबसे मार्मिक पहलू यह है कि पिता-पुत्र घर की खुशियों का संदेश देने निकले थे। आगामी 24 फरवरी को बेटी की शादी तय थी और दोनों विवाह के निमंत्रण पत्र बाँटने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। इस एक क्षणिक दुर्घटना ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया और घर में गहरा सन्नाटा पसर गया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल पीड़ित परिवार के आवास पर पहुंचे। उन्होंने शोकसंतप्त परिजनों से भेंट कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में नगर पालिका की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुँची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय तक मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है।



इस हृदयविदारक हादसे से सिसवा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के घर में कोहराम मचा है और परिजन गहरे सदमे में हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *