हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल (महराजगंज)। नगर पंचायत परतावल के वार्ड संख्या दो, बल्लभ नगर तिवारी टोला स्थित कोट धाम दुर्गा मंदिर परिसर रविवार को धर्म, भक्ति और सनातन चेतना का केंद्र बन गया, जब श्री श्री 108 शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और जयघोष के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे नगर को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
महायज्ञ का आयोजन पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रवीण कृष्ण त्रिपाठी के नेतृत्व में किया गया। यज्ञाचार्य पंडित श्यामसुंदर पाठक व अन्य वैदिक आचार्यों के सान्निध्य में विधि-विधान से पूजन संपन्न हुआ। यजमानों ने अपनी धर्मपत्नी के साथ यज्ञ में आहुति देकर आयोजन की पवित्र शुरुआत की। पहले ही दिन हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
कलश यात्रा में 5100 कन्याओं सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण किया। ढोल-नगाड़ों, भांगड़ा नृत्य और आकर्षक झांकियों के साथ निकली शोभा यात्रा ने लोगों का मन मोह लिया। यात्रा परतावल बाजार व प्रमुख मार्गों से होते हुए हट्ठी माता मंदिर परिसर पहुंची, जहां नहर तट पर वैदिक विधि से कलश पूजन किया गया।

आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहे और पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा। महायज्ञ के अंतर्गत प्रतिदिन प्रख्यात प्रवचनकर्ता डॉ. रजनीकांत द्विवेदी के संगीतमय प्रवचनों का आयोजन होगा। शतचंडी महायज्ञ से परतावल क्षेत्र में धार्मिक उत्साह के साथ सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक चेतना का वातावरण स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।


