हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय
भिटौली/महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के अजमतपुर गांव में एक बुजुर्ग महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ही घर के पीछे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला गुरुवार दोपहर से लापता थी और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार सुबह शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।


मिली जानकारी के अनुसार, अजमतपुर निवासी रामदुलारे मौर्या अपनी पत्नी मुनक्का देवी, छोटे बेटे कन्हैया और बहुओं के साथ घर पर रहते हैं। परिवार के अन्य बेटे प्रदुम्मन, अर्जुन और कृष्णा रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार को परिवार में होली का त्योहार हंसी-खुशी के साथ मनाया गया था।
गुरुवार दोपहर करीब एक बजे मुनक्का देवी अचानक घर से निकल गईं और फिर वापस नहीं लौटीं। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने आसपास के गांवों व रिश्तेदारों के यहां उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं से भी कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार सुबह ग्रामीणों की नजर घर के पीछे पड़े एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखा गया तो वह मुनक्का देवी का शव था। यह खबर फैलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। परिजनों का आरोप है कि महिला की हत्या कर शव को घर के पीछे फेंक दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही भिटौली पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।


