हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
पनियरा । महाराजगंज जनपद के विकासखंड पनियरा अंतर्गत ग्राम पंचायत जड़ार में श्रीमद् पावन प्रज्ञा पुराण कथा का शुभारंभ रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुआ। यज्ञ स्थल से प्रारंभ हुई यह कलश यात्रा गांव के सभी पुरवों से गुजरते हुए जड़ार चौराहे तक पहुंची। यात्रा के दौरान सिर पर कलश धरे महिलाएं भजन-कीर्तन करती रहीं, जिससे पूरा गांव भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।

जड़ार चौराहे पर कलश यात्रियों का स्वागत ग्रामवासी बच्चा पटेल द्वारा मीठा पानी पिलाकर किया गया। इस आत्मीय स्वागत से गांव की आपसी एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में शान्ति कुंज, हरिद्वार से पधारे युगदूतों ने युग संगीत के माध्यम से लोगों को सद्भाव, सेवा और श्रेष्ठ संस्कारों का संदेश दिया। यह आयोजन युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के सूक्ष्म संरक्षण में तथा माता भगवती देवी शर्मा के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य मानव में दैवी गुणों का विकास और दुर्गुणों का शमन है।
आयोजन का मूल संदेश है । मानव में देवत्व का उदय, धरती पर स्वर्ग का अवतरण और सनातन संस्कृति का उत्थान। कार्यक्रम को सफल बनाने में गांव के सभी भाई-बंधु तन, मन और धन से सहयोग कर रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार 9 फरवरी को प्रातः 8 बजे से सामूहिक पंचकुंडीय यज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जो लगातार तीन दिनों तक चलेगा। उन्होंने समस्त ग्रामवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पुण्य कार्य में सहभागी बनने की अपील की है।



