हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज- रेलवे के महाप्रबंधक एवं मंडल रेल प्रबंधक द्वारा सिसवा बाजार रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान नहीं रुकने से स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष शिब्बु खान ने बताया कि वे अपनी पूरी कमेटी के साथ करीब दो घंटे से अधिक समय तक अधिकारियों की प्रतीक्षा करते रहे, लेकिन निरीक्षण दल सिसवा स्टेशन पर बिना रुके आगे बढ़ गया।
जानकारी के अनुसार अधिकारियों ने अपने निरीक्षण के दौरान कप्तानगंज, घुघली, खड्डा और पनियहवा जैसे स्टेशनों पर रुककर हालात का जायजा लिया, जबकि सिसवा रेलवे स्टेशन को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। व्यापार मंडल का कहना है कि इस तरह की अनदेखी से यह संदेश जाता है कि रेलवे अधिकारी सिसवा को कोई महत्व नहीं दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र की पहचान और विकास प्रभावित हो रहा है।
व्यापार मंडल ने इसे सिसवा के साथ किया गया दुर्व्यवहार बताते हुए कड़ा विरोध जताया। व्यापारियों ने यह भी कहा कि इससे पूर्व भी जब अधिकारी इस रूट पर निरीक्षण के लिए आए थे, तब भी सिसवा स्टेशन पर रुकने की जहमत नहीं उठाई गई थी।
आक्रोशित व्यापार मंडल की ओर से रेलवे इंटेलिजेंस अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। इस पर इंटेलिजेंस अधिकारी ने आश्वासन दिया कि सिसवा रेलवे स्टेशन से जुड़ी समस्याओं और व्यापारियों की नाराजगी से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।


