हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज- सिसवा के हरपुर पकड़ी चौराहे पर बीती रात एक अनियंत्रित बलेनो कार सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। इस दुर्घटना में कार और विद्युत खंभा दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके चलते आसपास के इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार UP 57 AX 7770 नंबर की बलेनो कार घुघली से सिसवा की ओर जा रही थी। हरपुर पकड़ी चौराहे के पास चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे कार सीधे बिजली के खंभे से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर काफी तेज थी, जिससे खंभा क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन को भी भारी नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और एहतियातन तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। टीम ने क्षतिग्रस्त तारों को सुरक्षित कर आगे की दुर्घटनाओं की आशंका को टाल दिया।
विद्युत विभाग के लाइनमैन अजय जायसवाल ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद क्षतिग्रस्त खंभे की मरम्मत कर क्षेत्र में शीघ्र ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।


