ताइक्वांडो में लहराया महाराजगंज का परचम, शिवांगी चौहान को मिला खेल रत्न सम्मान

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज (29 अगस्त 2025)। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस पर जिले में आयोजित महाराजगंज इंडिपेंडेंट स्कूल एलायंस द्वारा खेल रत्न पुरस्कार समारोह एक यादगार अवसर बना। इस मौके पर जिले की होनहार छात्रा शिवांगी चौहान, हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज उस्का पनियरा की कक्षा 11 की प्रतिभाशाली खिलाड़ी को सम्मानित किया गया।

शिवांगी चौहान ने हाल ही में दिनांक 7 से 8 अगस्त 2025 तक कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अपने दमदार प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया और शानदार संघर्ष करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि ने न सिर्फ विद्यालय का नाम रोशन किया बल्कि पूरे जनपद का मान बढ़ाया।

समारोह में जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने शिवांगी को प्रशस्ति पत्र एवं आकर्षक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जिले की बेटियां खेल जगत में लगातार अपनी पहचान बना रही हैं, यह पूरे समाज के लिए गर्व की बात है।

इस अवसर पर विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएँ, अभिभावक तथा आमजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सबने शिवांगी की कामयाबी पर गर्व व्यक्त किया और उन्हें जिले की प्रेरणा बताया। उपस्थित लोगों ने आशा जताई कि शिवांगी भविष्य में राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करेंगी।

कार्यक्रम स्थल पर गगनभेदी तालियों के बीच शिवांगी को सम्मानित किए जाने का क्षण भावनात्मक और गर्व से भर देने वाला रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *