हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल /महराजगंज जनपद के सदर तहसील अंतर्गत ग्राम बैरिया की निवासी प्रभा देवी पत्नी रामऔतार ने गांव में वर्षों से चले आ रहे सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमण कर बंद किए जाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में प्रभा देवी ने बताया है कि आवादी श्रेणी 6/2 की भूमि, गाटा संख्या 338 व 336 में स्थित सार्वजनिक रास्ते पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा स्लैब आदि रखकर अवैध अतिक्रमण किया जा रहा है, जिससे रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। पीड़िता के अनुसार इस रास्ते के बंद होने से करीब 20 परिवारों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।

प्रभा देवी का आरोप है कि अतिक्रमण करने वाले लोग रास्ता खुलवाने का विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट पर आमादा हो जाते हैं तथा रास्ता स्थायी रूप से बंद करने की धमकी भी दे रहे हैं। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
पीड़िता ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले का संज्ञान लेते हुए अवैध अतिक्रमण हटवाकर सार्वजनिक रास्ते को पुनः चालू कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।
फिलहाल मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज होने के बाद ग्रामीणों को प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।


