हर्षोदय टाइम्स / अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार /महराजगंज- जनपद अंतर्गत नगर पालिका सिसवा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार शाम कोठीभार थाने पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन, धर्मगुरुओं और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों ने हिस्सा लिया तथा आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहज़ीब को कायम रखने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता और क्षेत्राधिकारी अनिरुद्ध कुमार ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। सीओ अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि बकरीद की नमाज खुले स्थानों पर नहीं पढ़ी जाएगी। यदि किसी स्थान पर अधिक भीड़ की स्थिति बनती है, तो नमाज को शिफ्ट में पढ़ाने की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कुर्बानी केवल घरों के भीतर ही की जाए और खुले स्थानों पर किसी भी तरह की कुर्बानी न की जाए। साथ ही किसी भी धर्म या समुदाय के खिलाफ बयानबाजी से बचने और सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने की अपील की गई।
एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहें और भड़काऊ पोस्ट समाज में वैमनस्य पैदा करती हैं। ऐसे शरारती तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने कहा कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
इस दौरान सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य, कॉन्स्टेबल सतीश यादव, सिकंदर यादव, शिबू खान, कपिलदेव भारती, जितेंद्र वर्मा, हासिम अंसारी, संतराज विश्वकर्मा, अविनाश मद्धेशिया, शिबू बनारसी, मकसूद आलम, रजाउल अंसारी, रिजवान अहमद, बेलाल अहमद समेत अनेक लोग मौजूद रहे।


