निजी भूमि पर जबरन पैमाइश से बवाल, महिला से मारपीट व छेड़खानी का आरोप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रामपुरमीर में रविवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब पार्क निर्माण के नाम पर एक महिला की निजी भूमि पर जबरन पैमाइश का विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। पीड़िता ने पूर्व प्रमुख समेत चार लोगों पर मारपीट, छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।


महिला का कहना है कि रविवार दोपहर उसकी जमीन पर बिना सहमति के पैमाइश की जा रही थी। विरोध करने पर आरोपियों ने न सिर्फ उसके साथ मारपीट की, बल्कि उसके वस्त्र फाड़ दिए और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना से आहत पीड़िता ने सिंदुरिया थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।


तहरीर के आधार पर पुलिस ने पूर्व प्रमुख मिठौरा रामनिवास यादव, उनके पुत्र रजनीश यादव सहित मनीष यादव व मंजेश यादव के खिलाफ छेड़खानी और मारपीट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।


थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा पंजीकृत कर जांच प्रारंभ कर दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *