1501 कन्याए, महिला, बुजुर्ग, युवा, नौजवानों ने बढ़ाया आयोजन का मान
परतावल/महराजगंज। नगर पंचायत परतावल के वार्ड संख्या 05 व 13 धनगड़ा में रविवार को आयोजित श्री श्री विष्णु महायज्ञ के अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। हाथी, घोड़े, ढोल-नगाड़ों और डीजे की मधुर धुनों के बीच निकली इस शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा में 1501 कन्याओं ने सिर पर कलश रखकर सहभागिता निभाई, जबकि महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और नौजवान भक्ति संगीत पर झूमते नजर आए।
मुख्य यज्ञाचार्य पंडित अंशुमान शुक्ल एवं सहयोगी आचार्य पंडित सदानंद मिश्र के वैदिक मंत्रोच्चार व शंखनाद के साथ मंदिर परिसर से कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। विधिविधान से कलशों में जल भरवाया गया। गजराज की अगुआई में निकली यात्रा धनगड़ा गांव से देवीपुर, परसा बुजुर्ग काली मंदिर, नौरंगा टोला, परतावल बाजार होते हुए कस्बा शिव मंदिर पोखरे पहुंची, जहां यजमान राजेन्द्र गुप्ता एवं उनकी पत्नी तथा चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जल भरवाया। इसके पश्चात यात्रा तिवारी टोला दुर्गा मंदिर, रामपुर मोड़ वनशक्ति माता मंदिर, सरजू टोला, इमलिया, धरमौली होते हुए धनगड़ा काली मंदिर स्थित यज्ञ स्थल पर संपन्न हुई।
कलश यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु क्षेत्राधिकारी सदर जयप्रकाश त्रिपाठी, परतावल चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह सहित पुलिस बल तैनात रहा। आयोजन समिति के संरक्षक तिलकधारी मद्धेशिया एवं अध्यक्ष रविन्द्रनाथ मिश्रा ने बताया कि नगर की समृद्धि एवं लोक कल्याण की भावना से 2 फरवरी से 10 फरवरी तक यह महायज्ञ आयोजित किया गया है। इस दौरान प्रतिदिन प्रवचन व मानस कथा तथा रात्रि में अयोध्या से आए कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जाएगा। महायज्ञ की पूर्णाहुति 10 फरवरी को महाभंडारे व साधु-संतों की विदाई के साथ होगी।
इस अवसर पर इंजीनियर मनीष गुप्ता, चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया, वाल्मीक सिंह, पूर्व प्रधान जयप्रकाश गुप्ता, कृष्ण मुरारी सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


