हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 30 जनवरी। संयुक्त सचिव, सहकारिता विभाग, भारत सरकार एवं विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के विशेष रोल प्रेक्षक सिद्धार्थ जैन, आईएएस ने गुरुवार को विधानसभा क्षेत्र पनियरा के अंतर्गत विकास खंड परतावल में मतदाताओं को जारी नोटिसों की सुनवाई हेतु निर्धारित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुनवाई प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की सुनवाई पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विशेष रोल प्रेक्षक ने सुनवाई स्थल पर उपस्थित मतदाताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाताओं की सुविधा हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँ तथा हेल्प डेस्क के माध्यम से प्रत्येक आवेदक को समुचित मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए।
इसके उपरांत विशेष रोल प्रेक्षक द्वारा जनपद में एसआईआर के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर का निरीक्षण कर प्राप्त शिकायतों, उन पर की गई कार्यवाही एवं लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली तथा समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
अंत में उन्होंने जनपद की पाँचों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में सभी ईआरओ द्वारा विधानसभा वार अब तक की प्रगति से अवगत कराया गया। इस अवसर पर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए सतत संवाद एवं समन्वय की सराहना की।
विशेष रोल प्रेक्षक सिद्धार्थ जैन ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की मंशा शुद्ध, त्रुटिरहित एवं समावेशी निर्वाचक नामावली तैयार करना है। इसके लिए प्रत्येक स्तर पर गहन पर्यवेक्षण, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता आवश्यक है। उन्होंने ईआरओ को सभी प्रकरणों का सावधानीपूर्वक परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण नामावली तैयार करने तथा राजनीतिक दलों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी राजनीतिक दलों से एसआईआर प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग का अनुरोध किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



