हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल (महराजगंज)। ग्राम सभा बसहिया खुर्द में आयोजित श्री श्री सतचंडी महायज्ञ के अवसर पर निकाले गए भव्य जुलूस ने पूरे क्षेत्र को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। जुलूस बसहिया खुर्द से प्रारंभ होकर बसहिया बुजुर्ग, पांच देवी होते हुए पुनः बसहिया खुर्द पहुंचा। ढोल-नगाड़ों, जयकारों और धार्मिक नारों की गूंज से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बन गया।
महायज्ञ के इस पावन अवसर पर हिंदुत्व के प्रखर समर्थक एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य काशीनाथ सिंह ने जुलूस में सहभागिता कर सनातन संस्कृति के प्रति अपनी आस्था और निष्ठा का परिचय दिया। उनकी उपस्थिति से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया और लोगों ने उन्हें धर्म व संस्कृति का सच्चा सेवक बताया।
जुलूस के दौरान देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां निकाली गईं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। काशीनाथ सिंह ने कहा कि देवी-देवताओं की कृपा से ही मानव जीवन संचालित होता है और धर्म व आस्था समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। उनके वक्तव्य का उपस्थित श्रद्धालुओं ने तालियों के साथ स्वागत किया।
इस अवसर पर अखिलेश यादव, संजय जायसवाल, सोहन चौधरी, रमेश मोदनवाल, अर्जुन सिंह, सच्चिदानंद पटेल, जुगनू पांडे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने महायज्ञ और जुलूस को सामाजिक समरसता एवं धार्मिक एकता का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने महायज्ञ की सफलता के लिए सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। इस भव्य आयोजन से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक चेतना का संचार हुआ।



