हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल (महराजगंज)। परतावल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा मधवापुर में ठंड से जूझ रहे जरूरतमंदों के लिए लगातार दूसरे दिन कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं हिंदू हृदय सम्राट काशीनाथ सिंह द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में गरीब, असहाय, बुजुर्गों व महिलाओं को कंबल वितरित किए गए, जिससे उनके चेहरों पर राहत और संतोष साफ झलकता दिखा।
नगर पंचायत परतावल की पावन धरती पर जन्मे काशीनाथ सिंह ने अपने जीवन को व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं तक सीमित न रखते हुए जनसेवा को ही अपना ध्येय बनाया है। जरूरत के समय लोगों के दुख-दर्द में सहभागी बनना और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना उनकी कार्यशैली की पहचान बन चुकी है।
कंबल वितरण के दौरान काशीनाथ सिंह ने कहा कि समाज के कमजोर, असहाय और वंचित वर्गों की सेवा करना ही उनके जीवन का उद्देश्य है। जब तक समाज का अंतिम व्यक्ति सशक्त नहीं होगा, तब तक विकास अधूरा माना जाएगा।
ग्रामीणों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि काशीनाथ सिंह केवल कथनों में नहीं, बल्कि कर्मों से जनसेवा करते हैं। कड़ाके की ठंड में लगातार दूसरे दिन कंबल वितरण कर उन्होंने जरूरतमंदों के प्रति अपनी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को एक बार फिर साबित किया है।
कार्यक्रम में रमाशंकर सिंह, ग्राम प्रधान सोहन चौधरी, ओसीयर यादव, रामकृपाल पाण्डेय, रमेश मोदनवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, युवा वर्ग व स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस जनसेवा अभियान ने न केवल मधवापुर, बल्कि पूरे परतावल क्षेत्र में सकारात्मक संदेश दिया है कि सच्चा नेतृत्व वही है जो हर वर्ग के साथ खड़ा नजर आया।



