गणतंत्र दिवस पर हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज में सेवानिवृत्त कर्मियों का भव्य सम्मान समारोह

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महाराजगंज। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर हाजी अजहर खान इंटर कॉलेज, उस्का पनियरा, महाराजगंज द्वारा क्षेत्र के सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं विभिन्न विभागों में अपनी दीर्घकालीन सेवाएं दे चुके कर्मियों के सम्मान में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज निर्माण में योगदान देने वाले वरिष्ठ एवं अनुभवी व्यक्तित्वों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करना रहा।


सम्मान समारोह में शिक्षा जगत के वरिष्ठ सेवानिवृत्त शिक्षक श्री देवता प्रसाद पांडेय (पूर्व प्रधानाचार्य, इंटरमीडिएट कॉलेज कोटा मुकुंदपुर), कर्नल हाजी मजीबुल्लाह सिद्दीकी, मोहम्मद यासिन, परमेश्वरी दयाल त्रिपाठी, श्री राम मूरत बर्मा, छोटेलाल वर्मा सहित अन्य सम्मानित जनों को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।


इसके अतिरिक्त शिक्षा क्षेत्र के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित होने वालों में नगर पालिका परिषद महाराजगंज के वरिष्ठ लिपिक मोहम्मद शमीम खान, चिकित्सा क्षेत्र से छोटेलाल वर्मा, राजस्व विभाग से सेवानिवृत्त श्री इब्राहिम खान एवं वकील खान, कुंज रमण पटेल सहित अन्य गणमान्य शामिल रहे। वहीं कोल माइन से सेवानिवृत्त हाजी मैनुद्दीन खान तथा इंटरमीडिएट कॉलेज कोटा मुकुंदपुर के वरिष्ठ लिपिक रामदरस यादव को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।


विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित यह सम्मान समारोह समाज के उन रत्न स्वरूप व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का सशक्त माध्यम बना, जिन्होंने अपने कार्यकाल में शिक्षा की अलख जगाने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में समाज को दिशा देने का कार्य किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसे प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों के सम्मान हेतु निरंतर कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *