हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल /महराजगंज ।परतावल क्षेत्र की ग्रामसभा कोटवा में सार्वजनिक वितरण प्रणाली में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद हुई जांच में अंगूठा लगवाने के बावजूद राशन न देने की पुष्टि होने पर कोटेदार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि कोटेदार द्वारा बायोमेट्रिक सत्यापन कराने के बाद भी कई लाभार्थियों को राशन नहीं दिया जा रहा था। शिकायत मिलने पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान लगभग 30 ग्रामीणों ने लिखित बयान देकर अनियमितता की पुष्टि की।
जांच में यह भी सामने आया कि कोटेदार आवश्यक अभिलेख और स्टॉक रजिस्टर सही ढंग से प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोप प्रमाणित होने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कोटेदार का कोटा निलंबित कर दिया।प्रशासन की इस कार्रवाई से ग्रामीणों में संतोष देखा जा रहा है और उन्होंने पारदर्शी वितरण व्यवस्था की मांग दोहराई है।
पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि निलंबन अवधि में ग्रामसभा कोटवा के सभी लाभार्थियों को राशन की आपूर्ति पास की ग्राम पंचायत पिपरिया के कोटेदार के माध्यम से कराई जाएगी, ताकि किसी भी पात्र परिवार को खाद्यान्न से वंचित न रहना पड़े।


