हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
घुघली / महराजगंज जनपद के घुघली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गोड़धोवा (पंडितपुर) स्थित श्री वी.पी. त्रिपाठी इंटर कॉलेज में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रबंधक आशुतोष त्रिपाठी द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके पश्चात उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। वक्ताओं ने भारतीय संविधान की गरिमा, नागरिकों के अधिकार एवं कर्तव्यों तथा देश की एकता और अखंडता पर अपने विचार व्यक्त किए।
छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों को दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।
विद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और राष्ट्रसेवा की भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता के संकल्प के साथ किया गया।


