हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बैजौली टोला झोझई गांव में मंगलवार की शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 19 वर्षीय युवती का शव उसके ही घर के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। मृतका की पहचान सुग्रीव की पुत्री निशा (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत बताया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निशा के पिता सुग्रीव सहित परिवार के अन्य सदस्य मजदूरी के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। शाम करीब सात बजे जब परिजन वापस लौटे तो घर के भीतर का दृश्य देख उनके होश उड़ गए। निशा का शव फंदे से लटका देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की गहनता से जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि युवती की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।




