लक्ष्मीपुर ब्लॉक का पैसिया उर्फ कोनहुसरी गांव राष्ट्रीय पुरस्कार की दौड़ में शामिल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। लक्ष्मीपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत पैसिया उर्फ कोनहुसरी ने विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के बल पर एक नई उपलब्धि हासिल की है। यह गांव प्रदेश स्तर पर चयनित होकर अब राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए नामित किया गया है, जिससे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।


राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन होने के बाद डिप्टी विकास अधिकारी (डीपीआरओ) श्रेया मिश्रा ने गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत भवन में अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक कर गांव में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, सामुदायिक शौचालय, आरआरसी सेंटर, सड़क एवं नाली निर्माण जैसी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर शेष कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए।


पंचायत सहायक द्वारा सरकारी योजनाओं जैसे आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, पेंशन, फैमिली आईडी, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान योजना, मनरेगा सहित अन्य योजनाओं का लाभ पात्रों तक सुचारु रूप से पहुंचाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई गई। इसी बेहतर कार्यप्रणाली और ग्रामीणों के सहयोग के कारण ग्राम पंचायत को राष्ट्रीय स्तर के सम्मान के लिए चयनित किया गया है।


डीपीआरओ ने ग्राम प्रधान को अधूरे कार्यों को जल्द पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए टीम के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर एडीओ पंचायत, पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *