नागरिक सुरक्षा, सतर्कता और आपात तैयारी का दिया गया सशक्त संदेश
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज, 23 जनवरी, 2026। जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा, महराजगंज के कुशल निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस लाइन, महराजगंज में सायं 06:00 बजे से 06:30 बजे तक वृहद ब्लैक आउट (Black Out) मॉकड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य संभावित युद्धकालीन अथवा हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों में नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु नागरिक सुरक्षा तैयारियों की परख करना एवं आमजन को सुरक्षा प्रोटोकॉल के प्रति जागरूक करना रहा।
निर्धारित समय सायं 06:00 बजे खतरे के सायरन (Wailing Tone) के साथ मॉकड्रिल की शुरुआत हुई। सायरन बजते ही पुलिस लाइन एवं आसपास के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति पूर्णतः बंद कर दी गई। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों, वार्डनों एवं आपदा मित्रों द्वारा अपने-अपने दायित्वस्थलों पर त्वरित रूप से मोर्चा संभालते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि किसी भी भवन से प्रकाश बाहर न जाए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक स्वयं स्थल पर उपस्थित रहकर पूरे अभ्यास की निगरानी करते रहे। इस दौरान सायरन प्रणाली, संचार व्यवस्था तथा स्वयंसेवकों की प्रतिक्रिया समय (Response Time) की समीक्षा की गई, जो अत्यंत संतोषजनक पाई गई।
अभ्यास के उपरांत जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि नागरिक सुरक्षा का मूल मंत्र सतत सतर्कता एवं निष्काम सेवा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में युद्ध केवल सीमाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरों एवं नागरिक ठिकानों की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। ब्लैक आउट का उद्देश्य केवल लाइट बंद करना नहीं, बल्कि शत्रु के विमानों अथवा मिसाइलों के लिए लक्ष्य पहचान को असंभव बनाना है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मॉकड्रिल का उद्देश्य नागरिकों को आपातकालीन स्थिति के लिए मानसिक एवं व्यवहारिक रूप से तैयार करना है। इस दौरान पुलिस, आपदा निरोधक बलों एवं नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला, जो किसी भी आपात स्थिति में अत्यंत आवश्यक होता है।
मॉकड्रिल के दौरान पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, विद्युत विभाग, नागरिक सुरक्षा कोर, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं परिवहन विभाग द्वारा आपसी समन्वय का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया। प्रतीकात्मक रूप से प्राथमिक चिकित्सा, अग्निशमन कार्यवाही, यातायात नियंत्रण एवं ब्लैक आउट अनुपालन का अभ्यास कराया गया। सुरक्षा वार्डनों द्वारा गश्त कर आमजन को घरों में रहने तथा वाहनों की हेडलाइट बंद रखने के निर्देश दिए गए।
सायं 06:30 बजे ऑल क्लियर (Steady Tone) सायरन बजते ही विद्युत आपूर्ति बहाल की गई एवं मॉकड्रिल का औपचारिक समापन हुआ। प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस प्रकार के अभ्यासों को गंभीरता से लें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में घबराहट से बचते हुए प्रभावी ढंग से स्वयं एवं समाज की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

