नाकाबंदी देख भागे तस्कर, पलटी पिकअप में चार गोवंशीय पशुओं की मौत
महराजगंज। सीमावर्ती क्षेत्र में गो-तस्करी पर लगाम लगाने के तमाम प्रयासों के बावजूद तस्करों की गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ठूठीबारी क्षेत्र में मंगलवार तड़के पुलिस की नाकाबंदी के दौरान गो-तस्कर पिकअप वाहन छोड़कर फरार हो गए। तेज रफ्तार में भागते समय पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे चार गोवंशीय पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार पशुओं को पुलिस ने जीवित बरामद कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोर में बरगदवा और ठूठीबारी थाना पुलिस संयुक्त रूप से वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक सफेद रंग की पिकअप में गोवंशीय पशुओं को भरकर खैरहवा जंगल की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने खैराटी चौराहे पर घेराबंदी की। सीहाभार की ओर से आती संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन को बेलहिया की ओर तेज गति से भगा ले गया।
इसके बाद पुलिस के पीछा करने पर ग्राम सेमरहना के चकरोड मार्ग पर पिकअप पलट गई। अंधेरे और जंगल का लाभ उठाकर तस्कर फरार हो गए। वाहन की तलाशी में पीछे ढाले में आठ गोवंशीय पशु अमानवीय स्थिति में बंधे मिले। पशु चिकित्साधिकारी की जांच में तीन गाय और एक बछड़े को मृत घोषित किया गया, जबकि एक गाय और तीन बछड़े जीवित पाए गए।
बरगदवा थानाध्यक्ष शैलेंद्र शुक्ला ने बताया कि पिकअप को कब्जे में लेकर अज्ञात गो-तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

