हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जिले के केएमसी मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का एक बेहद शर्मनाक और अमानवीय मामला सामने आया है। एमबीबीएस प्रथम वर्ष के दो छात्रों के साथ सीनियर छात्रों ने न सिर्फ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उन्हें जूता चटवाकर मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया। घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने इस मामले में सात सीनियर छात्रों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पीड़ित छात्रों यशवर्धन सिंह (वाराणसी) और देवांश सिंह (गाजीपुर) के अनुसार सोमवार शाम करीब पांच बजे एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के कुछ सीनियर छात्रों ने उन्हें घेर लिया। रैगिंग से इनकार करने पर आरोपियों ने लात-जूते, बेल्ट और लोहे की रॉड से उनकी पिटाई की। इस दौरान गाली-गलौज और अपमानजनक शब्दों का भी प्रयोग किया गया।
शोर-शराबा सुनकर कॉलेज के गार्ड और शिक्षक मौके पर पहुंचे, तब जाकर मारपीट रुकी। पीड़ितों का आरोप है कि उससे पहले ही उन्हें जबरन जूता चटवाकर अपमानित किया जा चुका था। जाते समय आरोपी छात्रों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद यूपी-112 पर सूचना दी गई, हालांकि आरोप है कि प्रारंभिक तौर पर कॉलेज प्रशासन ने पुलिस को छात्रों से मिलने नहीं दिया।
रात में परिजनों के पहुंचने पर दोनों घायल छात्रों को सदर कोतवाली ले जाया गया, जहां लिखित तहरीर दी गई। सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर स्वप्नील जायसवाल, समर प्रताप सिंह, उन्मेश, उत्कर्ष आनंद, अथर्व गर्ग, उत्कर्ष सिंह और पुल्कित के खिलाफ सामूहिक मारपीट, गंभीर चोट, अपमान, आपराधिक धमकी और रैगिंग से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


