हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज- विकास खंड सिसवा की विभिन्न ग्राम पंचायतों में तैनात ग्राम रोजगार सेवकों ने छह माह से लंबित वेतन भुगतान और अन्य मांगों को लेकर मंगलवार को विकास खंड कार्यालय पर पहुंचकर बीडीओ को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने वेतन न मिलने से उत्पन्न गंभीर आर्थिक परेशानियों से प्रशासन को अवगत कराया।
ब्लॉक उपाध्यक्ष उपेन्द्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे रोजगार सेवकों ने बताया कि लगातार छह माह से मानदेय का भुगतान न होने के कारण उनके सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। कई कर्मचारियों के घरों में हालात बेहद खराब हैं, जहां राशन, दवाइयों की व्यवस्था और बच्चों की पढ़ाई की फीस तक जुटा पाना मुश्किल हो गया है। इससे परिवारों पर मानसिक और आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा है।
रोजगार सेवकों ने यह भी चिंता जताई कि लंबे समय से ईपीएफ की राशि जमा नहीं होने के कारण भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। उन्होंने मांग की कि बकाया वेतन का शीघ्र भुगतान कराया जाए और आगे से समय पर मानदेय व ईपीएफ जमा करने की स्थायी व्यवस्था की जाए।
इस संबंध में बीडीओ अर्जुन चौधरी ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उच्चाधिकारियों से समन्वय कर जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है और कर्मचारियों को अनावश्यक परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान दीप देश, पल्लवी श्रीवास्तव, किरण जायसवाल, साधना, बलजीत, कात्यायनी पटेल, रीता, पूनम चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे। सभी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


