हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज- पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने जनपद में प्रशासनिक सख्ती दिखाते हुए लापरवाह पुलिस अधिकारियों और थानेदारों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई किया है।
पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश प्रताप सिंह और सिंदुरिया थानाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। बताया जा रहा है कि इन दोनों थानों में बढ़ती जनशिकायतों, अपराध नियंत्रण में लापरवाही और क्षेत्रीय कानून व्यवस्था की अनदेखी को गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय लिया गया है।
इन दोनों थानेदारों को हटाए जाने के बाद एसपी ने उनके स्थान पर नए प्रभारियों की तैनाती भी कर दी है। महेंद्र कुमार सिंह को सिंदुरिया थाने की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि धर्मेंद्र कुमार सिंह को कोठीभार थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा मनोज कुमार राय को पुरन्दरपुर थाना का प्रभार सौंपा गया है। जनपद महराजगंज में कुछ दिनों से सियासत और पुलिस व्यवस्था की टकराहट सुर्खियों में आ रही थी। विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) देवेंद्र प्रताप सिंह द्वारा पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र भेजकर जिले की राजनीति में हलचल मचा दी थी। पत्र में थाना कोठीभार के थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह पर गंभीर आरोप लगाए गए थे।
पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई इस सख्त कार्रवाई से थानों में काम कर रहे अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों में भी सतर्कता बढ़ गई है। अब हर कोई अपने कार्यों को लेकर गंभीरता दिखा रहा है। आम जनता ने इस पहल की सराहना कर रही है और उम्मीद जता रही है कि इससे पुलिस की कार्यशैली में पारदर्शिता और जिम्मेदारी बढ़ेगी।
एसपी सोमेंद्र मीणा ने जनहित और कानून व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए यह कड़ा कदम उठाया है। इस कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि किसी भी कीमत पर विभाग में लापरवाही और अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।


