हर्षोदय टाइम्स/विवेक कुमार पाण्डेय
महाराजगंज/शिकारपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी के सख्त निर्देशों के बावजूद बरवा खुर्द मतदान स्थल पर रविवार को गंभीर लापरवाही सामने आई। निर्देशानुसार जिले के प्रत्येक मतदान स्थल पर बीएलओ और सुपरवाइजर की अनिवार्य उपस्थिति के साथ मतदाता ड्राफ्ट सूची का सार्वजनिक पठन किया जाना था, ताकि मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों को समय रहते सुधारा जा सके।
रविवार सुबह लगभग 11:30 बजे जब स्थिति का जायजा लिया गया, तो जमीनी हकीकत बिल्कुल विपरीत नजर आई। मतदान स्थल पर तैनात तीन बीएलओ में से केवल एक—गंगोत्री देवी—ही मौके पर मौजूद पाई गईं, जबकि दो बीएलओ और संबंधित सुपरवाइजर पूरी तरह गैरहाजिर रहे।
इस लापरवाही ने मतदाता सूची संशोधन अभियान की पारदर्शिता और प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि जब निर्वाचन अधिकारी के स्पष्ट और सख्त निर्देशों का पालन ही नहीं हो रहा, तो आम मतदाताओं को अपने नाम, पते और विवरण में सुधार का अधिकार कैसे सुनिश्चित होगा।
अब निगाहें जिला निर्वाचन प्रशासन पर टिकी हैं कि इस गंभीर चूक को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।

