राशन लेने गए युवक से मारपीट का आरोप, चौकी प्रभारी से की शिकायत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज। नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर 11, स्वतंत्रता सेनानी नगर निवासी सागर कन्नौजिया पुत्र रामभगत ने राशन वितरण के दौरान मारपीट और अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस मामले में चौकी प्रभारी परतावल को लिखित तहरीर देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की है


प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार 13 मार्च 2026 को सागर कन्नौजिया वार्ड नंबर 11 स्थित कोटेदार द्वारिका की दुकान पर राशन लेने पहुंचे थे। उस समय दुकान पर राशन वितरण का कार्य कोटेदार के पुत्र भोला और अमित द्वारा किया जा रहा था। आरोप है कि राशन कम मिलने पर सागर कन्नौजिया ने इसका विरोध किया, जिस पर दोनों ने पहले गाली-गलौज की और बाद में उसके साथ मारपीट कर दी तथा दुकान से भगा दिया।


घटना के बाद पीड़ित ने चौकी प्रभारी परतावल को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। साथ ही राशन वितरण में अनियमितता की भी जांच कराने की मांग की है, ताकि अन्य उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।


वहीं इस संबंध में कोटेदार के पुत्र भोला का कहना है कि मारपीट का आरोप गलत है। उनका कहना है कि फिंगर लगाने को लेकर केवल बहस हुई थी, मारपीट जैसी कोई घटना नहीं हुई।


इस मामले में चौकी प्रभारी परतावल अमित कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *