हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल (महराजगंज)।विकास खंड परतावल की ग्राम सभा पुरैना में स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गांव में चारों ओर फैली गंदगी, जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर और जाम पड़ी नालियां ग्रामीणों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई हैं। हालात यह हैं कि गांव के मुख्य रास्तों और बीच आबादी के पास ही कूड़ा डंप किया जा रहा है, जिससे लोगों का आना-जाना भी दूभर हो गया है।
गांव में फैली बदबू और गंदगी के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। ग्रामीणों का कहना है कि दूषित माहौल के चलते संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बीते करीब पांच वर्षों से गांव में नियमित सफाई की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। वर्तमान ग्राम प्रधान के कार्यकाल में भी सफाई व्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकी। सफाई कर्मियों की मौजूदगी केवल कागजों तक सीमित रह गई है, जबकि जमीनी हकीकत में गांव गंदगी के बोझ तले दबता जा रहा है।
बरसात के मौसम में समस्या और विकराल हो जाती है। जाम नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है, जिससे आवागमन बाधित होता है और बीमारियों के फैलने की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
इस मुद्दे को लेकर ग्रामवासी सुभाष शर्मा, गोलू शर्मा, जितेंद्र यादव, बहादुर, राज, अभिषेक, लल्लू, अमन और ओमप्रकाश समेत अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और ग्राम पंचायत से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों ने साफ तौर पर कहा है कि यदि जल्द ही नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और नालियों की समुचित सफाई नहीं कराई गई, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
इस मामले में पूछे जाने पर खंड विकास अधिकारी संतोष कुमार यादव ने बताया जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी।



