पनियरा के खजुरिया में युवक की संदिग्ध मौत, कमरे में पंखे से लटका मिला शव

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 28 वर्षीय युवक का शव उसके ही घर के कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान दीपक चौहान (पुत्र चंद्रिका चौहान) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी होते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

मृतक का फाइल फोटो


बताया जा रहा है कि दीपक चौहान घर में अकेले रह रहा था। उसके पिता चंद्रिका चौहान और सौतेली मां किरण चौहान जमीन के बंटवारे को लेकर चले आ रहे विवाद के चलते काफी समय से घर छोड़कर अपने ससुराल में रह रहे थे। पारिवारिक तनाव के कारण घर में दीपक ही अकेला रह गया था, जबकि उसकी बड़ी बहन दीपना की शादी पहले ही हो चुकी है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह गांव के कुछ बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे। खेल के दौरान गेंद दीपक के घर के अंदर चली गई। दरवाजा खुला होने पर जब बच्चे गेंद लेने कमरे में गए, तो अंदर का दृश्य देखकर वे दहशत में आ गए। दीपक का शव पंखे से लटका देख बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।


सूचना मिलने पर पनियरा थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।


इस संबंध में पनियरा थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि युवक का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला है। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *