महराजगंज, 08 जनवरी 2026। एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत महराजगंज जनपद में लकड़ी फर्नीचर उद्योग को नई गति मिलने जा रही है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने गुरुवार को घुघुली ब्लॉक के ग्राम सभा रामपुर बल्डीहा में निर्माणाधीन ओडीओपी सामान्य सुविधा केंद्र (सीएफसी) परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया।
ग्रेट वुड फाउंडेशन द्वारा स्थापित किए जा रहे इस आधुनिक फर्नीचर प्लांट को राज्य स्तरीय स्क्रीनिंग समिति से सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद आकार दिया जा रहा है। लगभग ₹7.95 करोड़ की लागत से बन रहा यह केंद्र लकड़ी फर्नीचर उत्पादों के उत्पादन, प्रसंस्करण और निर्यात को बढ़ावा देगा। यह पूर्वांचल क्षेत्र का पहला ऐसा ओडीओपी सामान्य सुविधा केंद्र होगा, जो फर्नीचर उद्यमियों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।

इस केंद्र में वुड सीजनिंग एवं ट्रीटमेंट प्लांट, प्रोसेसिंग यूनिट, सीएनसी सॉटर, सीएनसी बोरिंग मशीन, पैनल सॉ, हाइड्रोलिक प्रेस, एयर कंप्रेसर के साथ-साथ एक आधुनिक डिजाइनिंग सेंटर की स्थापना की जा रही है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि अब तक 10 मशीनें स्थापित की जा चुकी हैं, जबकि शेष 20 मशीनें शीघ्र ही लगाई जाएंगी।
जिलाधिकारी ने कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से स्थानीय उद्यमियों को तकनीकी सुविधा, लागत में कमी और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही, ओडीओपी वित्त पोषण सहायता योजना के तहत लकड़ी फर्नीचर व्यवसाय से जुड़े उद्यमियों को बैंकों के माध्यम से 10 से 25 प्रतिशत तक सब्सिडी युक्त ऋण भी प्रदान किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी सहित परियोजना से जुड़े अधिकारी और प्रोजेक्ट मैनेजर उपस्थित रहे।

