हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी मंगलवार को पहली बार अपने गृह जनपद महाराजगंज पहुंचे। उनके आगमन पर पनियरा विधानसभा क्षेत्र की सीमा कतरारी चौराहा अयोध्या के राम मंदिर नुमा स्वागत गेट और भगवा सजावट से दुल्हन की तरह सजा नजर आया। कड़ाके की ठंड के बावजूद हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारी उत्साह और जोश के साथ उनका भव्य स्वागत किया।
कतरारी चौराहा पर विधायक ज्ञानेंद्र सिंह एवं युवा नेता प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा, आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ केंद्रीय मंत्री का अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं ने काफिले के साथ नृत्य किया, वहीं बुलडोजर से फूल बरसाकर विशेष स्वागत किया गया। पूरे पनियरा विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के झंडे, होर्डिंग और बैनर पोस्टर लगाए गए थे, जिन पर पंकज चौधरी के स्वागत संदेश अंकित थे।

स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरे वर्ष सक्रिय रहते हैं, न कि केवल चुनाव के समय। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अपने नेताओं को गौरव और अभिमान मानते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में जी-जान से जुटे रहते हैं।
इस अवसर पर नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता संगठन के सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने कार्यक्रम की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे पार्टी कार्यकर्ताओं की एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का प्रतीक बताया।
कतरारी चौराहा से लेकर श्यामदेउरवा चौराहा, बसहिया, अमवा, परतावल चौराहा, छपिया और धरमपुर तक पनियरा विधानसभा क्षेत्र में जगह-जगह ऐतिहासिक स्वागत अभिनंदन किया गया। सुबह से ही विभिन्न स्थानों पर भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्र हो गए थे।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष संजय पाण्डेय, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, विधायक नौतनवा ऋषि त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख परतावल आनंद शंकर वर्मा, ब्लॉक प्रमुख पनियरा वेद प्रकाश शुक्ला, चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया, पनियरा चेयरमैन उमेश जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, मोर्चा कार्यकर्ता एवं हजारों समर्थक उपस्थित रहे।

