श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल निवासी स्वर्ण व्यवसायी की पत्नी की सड़क दुर्घटना में मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

परतावल /महराजगंज :-   थाना क्षेत्र श्यामदेउरवा के नगर पंचायत परतावल वार्ड नंबर 10 शिवनगर निवासी स्वर्ण व्यवसायी सुनील वर्मा की पत्नी की बुधवार रात रामकोला थाना क्षेत्र के रामपुर बगहा में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब सुनील वर्मा अपनी पत्नी रानी वर्मा (48 वर्ष) के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे।

जानकारी के अनुसार, दोनों रामकोला में एक रिश्तेदार के यहां मुंडन संस्कार में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे बाइक से घर लौट रहे थे, तभी रामपुर बगहा के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में रानी वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुनील वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल सुनील वर्मा को तुरंत गोरखपुर स्थित केएमसी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहाँ उन्हें चेहरे पर चोट और पैर में फ्रैक्चर पाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गुरुवार सुबह उन्हें घर भेज दिया। वही पुलिस ने रानी वर्मा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पडरौना भेज दिया है।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हैं। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में और अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *