राजीव नयन ने युवाओं से सनातन संस्कृति को कर्तव्य और अनुशासन के रूप में अपनाने का किया आह्वान
हर्षोदय टाइम्स संवाददाता
महराजगंज । पनियरा क्षेत्र स्थित रहसुगुरु धाम में रविवार को ‘सकल हिंदू समाज’ के तत्वावधान में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में साधु-संतों, गायत्री परिवार के सदस्यों तथा क्षेत्रीय नागरिकों की बड़ी भागीदारी रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज की एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

सम्मेलन के मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक राजीव नयन ने अपने संबोधन में कहा कि संगठित, आत्मविश्वासी और जागरूक समाज ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होता है। उन्होंने कहा कि जब समाज एकजुट होता है तो कोई भी बाहरी या विघटनकारी शक्ति देश की प्रगति को बाधित नहीं कर सकती। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से आह्वान किया कि वे सनातन संस्कृति को केवल आस्था तक सीमित न रखें, बल्कि इसे कर्तव्य, अनुशासन और सामाजिक दायित्व के रूप में अपनाएं।
मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर कौशलेन्द्र गिरि जी महाराज (श्री नाथ मठ, रसड़ा) ने समर्थ भारत के निर्माण के लिए हिंदू समाज के संगठन को अनिवार्य बताया। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व द्वेष या भेदभाव का मार्ग नहीं सिखाता, बल्कि यह मानवता, सेवा और राष्ट्र को जोड़ने वाली जीवन पद्धति है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे गिरिधारी जी महाराज ने आपसी समन्वय, संस्कृति संरक्षण और नैतिक मूल्यों की रक्षा पर बल दिया।

सम्मेलन का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। मंच संचालन जीवेश मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, पनियरा ब्लॉक प्रमुख वेद प्रकाश शुक्ल, परतावल ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा, समिति के सचिव भोला, महामंत्री दिलीप, निर्भय सिंह, महेंद्र प्रताप सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।


