गड्ढे में गिरने से चार वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

खेलते समय हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा


महराजगंज जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा बड़हरा रानी के बड़हरा खास टोला में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय मासूम की गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


जानकारी के अनुसार बड़हरा खास निवासी सुखलाल का चार वर्षीय पुत्र अम्बरीश उर्फ विकेश शनिवार को घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह किसी तरह पास में स्थित गड्ढे के निकट पहुंच गया और असंतुलित होकर उसमें गिर पड़ा। कुछ देर बाद परिजनों की नजर पड़ने पर उसे तत्काल बाहर निकालकर उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।


मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।


इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने ऐसे खुले और असुरक्षित गड्ढों को भरवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *