हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/महराजगंज । नगर पंचायत परतावल क्षेत्र में आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या किसानों के लिए गंभीर संकट बनती जा रही है। खेतों में महीनों की मेहनत से तैयार फसलें आवारा पशुओं के झुंड द्वारा पल भर में नष्ट की जा रही हैं। इससे किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्थिति यह है कि वार्ड नंबर 6 आज़ाद नगर में गौशाला की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद आवारा पशु सड़कों, गलियों और खेतों में खुलेआम विचरण कर रहे हैं। दिन ही नहीं, रात के अंधेरे में भी पशु खेतों में घुसकर फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि नगर पंचायत द्वारा निगरानी और प्रबंधन में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है।
किसानों का कहना है कि इस समस्या को लेकर वे कई बार नगर पंचायत कार्यालय, जनप्रतिनिधियों और सोशल मीडिया के माध्यम से आवाज उठा चुके हैं, लेकिन आश्वासन के अलावा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय किसान गोरख यादव ने आक्रोश जताते हुए कहा कि फसल ही उनके परिवार का सहारा है, लेकिन आवारा पशुओं के कारण मेहनत बेकार होती जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो किसान मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
पीड़ित किसानों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को तत्काल गौशाला में संरक्षित किया जाए, नियमित निगरानी व्यवस्था लागू हो और खेतों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि किसान राहत की सांस ले सकें और उनकी मेहनत सुरक्षित रह

