पनियरा थाना क्षेत्र के दौलतपुर वन ग्राम की घटना, पुलिस जांच में जुटी
महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र अंतर्गत दौलतपुर वन ग्राम में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब जंगल के भीतर गुलर के पेड़ से एक महिला का शव लटका हुआ मिला। मृतका की पहचान रीना देवी (50) के रूप में हुई है, जो स्थानीय प्राथमिक विद्यालय में रसोइया के पद पर कार्यरत थीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रीना देवी रविवार से घर से लापता थीं। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने जंगल में शव लटका देख इसकी सूचना पुलिस को दी।
बताया जा रहा है कि रीना देवी के पति गुंजन का निधन करीब दस वर्ष पूर्व हो चुका था। वह उनकी दूसरी पत्नी थीं और पति के पहले विवाह से हुए तीन बच्चों की परवरिश भी उन्होंने ही की थी। उनके निधन की खबर से परिवार सहित गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलते ही पनियरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

