हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। सिसवा ब्लॉक सभागार में सोमवार को आयोजित पंचायत सम्मेलन में दस्तावेजों की गड़बड़ी सामने आने पर पंचायती राज समिति के सभापति एवं सिसवा विधायक प्रेमसागर पटेल नाराज हो गए। जांच के दौरान सिसवा ब्लॉक से संबंधित एक फाइल में मिठौरा ब्लॉक के दस्तावेज मिले, जबकि दूसरी फाइल में जरूरी अभिलेखों की जगह सादे पन्ने रखे पाए गए।
फाइलों की स्थिति देखकर विधायक ने एडीओ पंचायत को कड़ी फटकार लगाते हुए जवाब मांगा और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। इससे पहले सम्मेलन में क्रियान्वयन से संबंधित पर्चे वितरित नहीं किए जाने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं से जुड़े अभिलेखों को व्यवस्थित और सही रखा जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सम्मेलन में विकसित ग्राम पंचायत योजना, ग्राम सभा की भूमिका, ग्रामीण रोजगार और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर भी चर्चा हुई।

