हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/महाराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के परतावल कस्बे में शुक्रवार को आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया। लंबे समय से सक्रिय अवैध शराब के जाल को तोड़ने के लिए की गई इस मुहिम में विभाग ने अलग-अलग जगहों से अखिलेश कुमार, वीर बहादुर और नाटे नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक परतावल कस्बा काफी समय से अवैध शराब कारोबार का हॉटस्पॉट बना हुआ था। विभाग को बाजार समेत दो दर्जन से अधिक स्थानों पर अवैध शराब बेचे जाने की पुख्ता जानकारी मिली थी। लगातार बढ़ती शिकायतों के बाद आबकारी विभाग ने गंभीरता दिखाते हुए योजनाबद्ध तरीके से पूरे क्षेत्र में धावा बोला।
आबकारी निरीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि शिकायतों की जांच के बाद टीम को कई अहम सुराग मिले थे, जिसके आधार पर छापेमारी की गई। तीन लोगों की गिरफ्तारी इस नेटवर्क पर बड़ी चोट है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब समाज में अपराध और नशे की प्रवृत्ति को बढ़ावा देती है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षक ने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान अभी शुरुआत मात्र है। आने वाले दिनों में ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे तथा अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद आम लोगों में राहत दिख रही है। स्थानीय निवासियों ने उम्मीद जताई है कि विभाग की सक्रियता से अब इस अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगेगी और क्षेत्र में शांति का माहौल बनेगा।

