मुख्य अतिथि डॉ. पी.सी. शाही और विशिष्ट अतिथि रीता मिश्रा ने बढ़ाया कार्यक्रम का गौरव
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 23 नवंबर 2025 । विकास खंड परतावल के ग्राम पंचायत पिपरा लाल में स्थित ए.पी.एम. एकेडमी में रविवार को ‘वार्षिक खेलकूद समारोह–2025’ का पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। पूर्वांचल के वरिष्ठ इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट एवं पल्स हार्ट सेंटर, गोरखपुर के निदेशक एवं सीईओ डॉ. प्रकाश चंद्र शाही मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रीता मिश्रा विशिष्ट अतिथि रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। हेड बॉय शिवम कुमार, हेड गर्ल शालू चौधरी एवं शिक्षिका सुश्री नर्वदा ने पुष्पगुच्छ और बैज भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया। छात्रों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह में छात्रों ने अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पीटी ड्रिल प्रस्तुत की, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इसके अलावा “आरंभ है प्रचंड” गीत पर प्रस्तुत ओजस्वी समूह नृत्य ने कार्यक्रम में जोश भर दिया।
खेल प्रतियोगिताओं के अंतिम चरण में कक्षा 9 व 11 की बालिकाओं की 200 मीटर दौड़ तथा कक्षा 6 से 8 तक के बालकों की 100 मीटर दौड़ के फाइनल मुकाबले सबसे रोमांचक रहे। प्रतिभागियों ने अद्भुत ऊर्जा, गति और जज्बे का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पुरस्कार वितरण समारोह रहा, जिसमें मुख्य अतिथि डॉ. पी.सी. शाही ने प्री-प्राइमरी और प्राइमरी विंग के नन्हें विजेताओं को मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समारोह के सफल आयोजन की सराहना की।
रविवार को सम्पन्न इस खेल महोत्सव ने विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और टीम भावना का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित किया।




