गोबर फेंककर लौट रही महिला को कार ने मारी टक्कर, मौत से गांव में छाया मातम

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


परतावल- गोरखपुर मार्ग पर सुबह की सैर मौत में बदल गई, चालक कार सहित हिरासत में

महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। परतावल – गोरखपुर मार्ग पर तेज रफ्तार डिज़ायर कार की टक्कर से बसहिया खुर्द की 38 वर्षीय पूनम यादव की मौत हो गई। सुबह लगभग 6:30 बजे वह सड़क किनारे गोबर फेंककर घर लौट रही थीं, तभी पीछे से अनियंत्रित कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी।

स्थानीय लोगों ने घायल महिला को तत्काल सीएचसी परतावल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अचानक हुए हादसे से पूरे गांव में मातम छा गया है।

घटना के बाद कार चालक मौके से फरार होने की कोशिश में था, लेकिन रास्ते में कार का टायर फट जाने से ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची श्यामदेउरवा पुलिस ने वाहन और चालक को कब्जे में ले लिया।

मृतका के पति चईतु यादव सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। पीछे दो मासूम बच्चे आर्यन (14) और आर्यश (10) रह गए हैं, जो घटना के बाद से लगातार बेसुध हालत में हैं।

श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *