हर्षोदय टाइम्स/ अर्जुन चौधरी
सिसवा बाज़ार/कोठीभार। बुधवार की देर शाम सबया हाला के पास हुई सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दंपती की मौत से इलाके में शोक फैल गया। बताया गया कि ग्राम बुढ़ाडोह निवासी बीरबल (46) अपनी पत्नी शीला (42) के साथ ससुराल असमती छपरा से घर लौट रहे थे।
जैसे ही दोनों सबया हाला पहुंचे, सामने सड़क किनारे खड़े ट्रक को न देख पाने के कारण उनकी बाइक सीधे उसमें जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही बीरबल की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शीला को राहगीरों की मदद से सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
मृतक के पुत्र विशाल ने बताया कि उसके माता-पिता बुधवार सुबह ससुराल से लौट रहे थे और रात को घर पहुंचने वाले थे। हादसे की सूचना पाते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की पुष्टि करते हुए प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

