हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के बेलवा कटहरी बाजार में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, बेलवा गांव निवासी राम अवतार की तीन वर्षीय पुत्री अंकिता अपनी मां रजवंता देवी के साथ कटहरी बाजार दवा लेने आई थी। मां मेडिकल स्टोर पर दवा खरीद रही थीं, तभी अंकिता अचानक सड़क की ओर दौड़ गई। उसी समय बिसोखोर की तरफ से आ रही एक बाइक की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा भेजा गया। हालांकि चिकित्सकीय उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष कोठीभार ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन एवं चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

