धनगड़ा में लाखों की लागत से बना आंगनबाड़ी केंद्र बना गोदाम

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महीनों से बंद है केंद्र, ग्रामीण ने किया कब्जा, अधिकारी सिर्फ कागजों पर कर रहे खानापूर्ति

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो,

महराजगंज।नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर 13 लोहिया नगर धनगड़ा में सरकारी योजनाओं की हकीकत उजागर करने वाला मामला सामने आया है। लाखों रुपये की लागत से बना आंगनबाड़ी केंद्र महीनों से बंद पड़ा है। जहां बच्चों की किलकारियां गूंजनी चाहिए थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है। केंद्र के किचन भाग पर एक ग्रामीण ने कब्जा कर लिया है, जबकि भवन को गोदाम बना दिया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि केंद्र पर तैनात कार्यकत्री चंद्रकला देवी, सहायिका उषा देवी, कार्यकत्री किरण देवी और सहायिका कन्यावती महीनों से केंद्र पर नहीं आतीं। विभागीय अधिकारी और सुपरवाइजर केवल कागजों में उपस्थिति दिखाकर खानापूर्ति कर रहे हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक केंद्र की दीवारों पर धूल और मकड़ी के जाले लटके हैं, चारों ओर गंदगी फैली है। अंदर के हिस्से में ग्रामीण राजकिशोर शर्मा ने अपना सामान रख लिया है, जबकि वहीं सुनीता देवी सब्जी काटती नजर आईं। यह दृश्य सरकारी व्यवस्था की जमीनी सच्चाई बयां करता है।

धनगड़ा के चंद्रशेखर मिश्र, जगदीश मद्देशिया और हरिकृष्णा ने बताया कि केंद्र प्रायः बंद रहता है और कार्यकत्रियां कभी निर्धारित समय पर नहीं पहुंचतीं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूरे प्रकरण में विभागीय मिलीभगत साफ झलकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

इस संबंध में प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद ने बताया कि मामले में सीडीपीओ परतावल को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *