हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल /महराजगंज । श्यामदेउरवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लापरवाही के चलते सड़क पर हुए प्रसव के मामले ने स्वास्थ्य विभाग को झकझोर कर रख दिया है। विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल जायसवाल ने बताया कि सड़क पर प्रसव कराने में लापरवाही बरतने के आरोप में पीएचसी पर तैनात संविदा स्टाफ नर्स और संबंधित आशा कार्यकर्त्री को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। दोनों से जवाब संतोषजनक न मिलने पर उस दिन का वेतन रोकते हुए विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।
दरअसल, सोमवार की रात परतावल क्षेत्र के महम्मदा टोला ढरवा निवासी प्रसूता को जब परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला। मजबूरन महिला को सड़क किनारे ही बच्चे को जन्म देना पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया था।
सीएचसी प्रभारी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स अस्पताल से अनुपस्थित थीं, जबकि आशा कार्यकर्त्री ने प्रसूता को अस्पताल तक पहुंचाने की जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाई।
विभाग ने दोनों से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए पीएचसी स्टाफ को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर अस्पताल में समय पर स्टाफ मौजूद रहता, तो महिला को सड़क पर बच्चे को जन्म नहीं देना पड़ता।

