सेमरा चन्द्रौली में महिला का अर्धजला शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के सेमरा चन्द्रौली गांव में बुधवार सुबह एक अज्ञात महिला का अर्धजला शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।


ग्रामीणों के अनुसार सुबह बड़ी नहर के पश्चिम दिशा में स्थित राजा राम सिंह के खेत में एक महिला का जला हुआ शव देखा गया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।


सूचना पर पहुंची श्यामदेउरवा पुलिस ने घटनास्थल को घेरते हुए जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


पुलिस के मुताबिक मृतका की उम्र करीब 35 वर्ष आंकी जा रही है, लेकिन शव बुरी तरह जला होने के कारण उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतका की पहचान कराने का प्रयास जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *