हर्षोदय टाइम्स/अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम बरवा द्वारिका के पास शुक्रवार देर रात ट्रेलर और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10:05 बजे बरवा द्वारिका के पास ट्रेलर (BR06GG3482) और बाइक (UP56BF8279) के बीच टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार कृष्णा (25 वर्ष) पुत्र सत्यनारायण, निवासी रजवल मदरहा, थाना कोठीभार की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, बाइक पर सवार शिवलाल (19 वर्ष) पुत्र गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है।
कोठीभार पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य बनी रही।

