हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महाराजगंज, 27 अक्टूबर। लोकआस्था के महापर्व छठ ने पूरे नगर को भक्ति और उत्साह से सराबोर कर दिया। ल सोमवार को सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने अपने निवास से पत्नी एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुनीता कन्नौजिया तथा परिवारजनों संग छठ का दउरा (छठ डाल) सिर पर रखकर पैदल यात्रा की। पारंपरिक गीतों की गूंज और श्रद्धा की उमंग के बीच विधायक आम श्रद्धालुओं की तरह परंपरा में रमे दिखाई दिए।
नगर के छठ घाट पहुंचकर उन्होंने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य अर्पित किया और प्रदेश की खुशहाली, शांति व जनकल्याण की कामना की। विधायक ने कहा “छठ केवल पर्व नहीं, यह भारतीय संस्कृति में अनुशासन, आस्था और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। सूर्य देव और छठी मैया की उपासना से जीवन में शक्ति, स्वास्थ्य और समृद्धि का संचार होता है।”
घाट पर दीपों की सुनहरी छटा और गूंजते छठ गीतों ने वातावरण को अलौकिक बना दिया। महिलाओं, बच्चों और पुरुषों की भीड़ श्रद्धा से ओत-प्रोत थी। नगर पालिका द्वारा स्वच्छता, सुरक्षा व प्रकाश व्यवस्था की विशेष तैयारियां की गईं थीं। मौके पर अधिकारी व नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संजीव शुक्ला, राकेश अग्रहरी, पवन कन्नौजिया सहित कई गणमान्यजन मौजूद रहे।

