हर्षोदय टाइम्स | अर्जुन चौधरी
सिसवा बाजार/महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम मंगल छपरा में एक 45 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर पारिवारिक विवाद के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान शीला गौंड (45 वर्ष) पत्नी बृजलाल निवासी ग्राम मंगल छपरा के रूप में हुई है। शनिवार देर रात पीआरवी के माध्यम से सूचना मिलने पर कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पता चला कि महिला ने अपने घर के बगल स्थित बागीचे में एक पेड़ पर दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली।
मृतका अपने पीछे पति बृजलाल (50 वर्ष) तथा तीन बच्चों—कोमल (25 वर्ष), रोशन (20 वर्ष) और लवकुश (18 वर्ष)—को छोड़ गई हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।


