घुघली थाना क्षेत्र के चौमुखा गांव की घटना, पुलिस ने तलाश शुरू की
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के ग्राम चौमुखा से तीन स्कूली छात्राओं के लापता होने का मामला प्रकाश में आया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, वादिनी श्रीमती फुलतोषी देवी पत्नी मारकण्डेय सिंह निवासी ग्राम मदनपुर टोला मेडीहारी, थाना खड्डा, जनपद कुशीनगर (वर्तमान पता ग्राम चौमुखा, थाना घुघली, जनपद महराजगंज) ने पुलिस को तहरीर दी कि उनकी पुत्री माधुरी सिंह (14 वर्ष) 17 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे अपनी सहेलियों सोनम गुप्ता (13 वर्ष) पुत्री भरथ गुप्ता निवासी हरखी टोला जनकपुर तथा अनामिका सिंह (13 वर्ष) पुत्री रमेश सिंह निवासी धनगड़ी मुण्डेरी के साथ स्कूल जाने के लिए घर से साइकिल पर निकली थीं। तीनों छात्राएं श्रीमती कौशिल्या देवी इंटरमीडिएट कॉलेज, खुशहाल नगर रोड, चौमुखा में कक्षा 8 की छात्राएं हैं।
परिजनों के अनुसार, तीनों बच्चियां स्कूल नहीं पहुंचीं और देर शाम तक घर भी वापस नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कुछ पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 375/2025 धारा 137(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
विवेचक उपनिरीक्षक ने बताया कि तीनों छात्राओं की तलाश के लिए जनपद महराजगंज सहित आस-पास के जिलों के थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सूचना प्रसारित की जा रही है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी को तीनों छात्राओं के संबंध में कोई जानकारी मिले तो वह निकटतम थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करे।

अपहृताओं का विवरण:
1️⃣ माधुरी सिंह, उम्र 14 वर्ष, पुत्री मारकण्डेय सिंह
2️⃣ सोनम गुप्ता, उम्र 13 वर्ष, पुत्री भरथ गुप्ता
3️⃣ अनामिका सिंह, उम्र 13 वर्ष, पुत्री रमेश सिंह
📞 संपर्क सूत्र: थाना घुघली, जनपद महराजगंज

