एक दिन में 3.78 लाख से अधिक महिलाओं व किशोरियों को दी गई आयरन-फोलिक एसिड की खुराक
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज, 30 सितम्बर। मिशन शक्ति 5.0 और स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार के तहत चल रहे एनीमिया मुक्त महराजगंज अभियान ने सोमवार को नया कीर्तिमान रच दिया। जनपद में आयोजित विशेष अभियान के दौरान महज एक दिन में रिकॉर्ड 3,78,837 महिलाओं और किशोरियों को आयरन और फोलिक एसिड की खुराक दी गई। इसके लिए जिलेभर में 2,539 सत्रों का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों पर बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिली।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने इस सफलता पर जिले की स्वास्थ्य और शिक्षा टीम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं व ग्राम स्तरीय सहयोगियों को बधाई दी। उन्होंने कहा
“एनीमिया मुक्त महराजगंज अभियान केवल वर्तमान को नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी मजबूत और सशक्त बनाएगा।”

स्कूलों और अस्पतालों में जोरदार भागीदारी
जिले के 881 विद्यालयों में आयोजित सत्रों के दौरान 1,27,152 छात्राओं, शिक्षिकाओं व रसोइयों ने आयरन की गोली ली। वहीं जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों सहित कुल 1,658 केंद्रों पर महिलाओं और किशोरियों की भीड़ उमड़ी और उन्होंने स्वास्थ्य लाभ उठाया।
महिलाओं को दिया गया संदेश
अभियान के दौरान न सिर्फ दवा वितरण हुआ बल्कि स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण पर जागरूकता भी फैलाई गई। जिलाधिकारी ने अपील की कि एनीमिया की रोकथाम के लिए लोग पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और आयरन दवा को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन महिलाओं व किशोरियों तक दवा नहीं पहुंच पाई है, उन्हें प्राथमिकता पर कवर किया जाए।
एनीमिया से लड़ाई का बड़ा कदम
एनीमिया महिलाओं और किशोरियों में पोषण से जुड़ी एक गंभीर समस्या है, जो मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को बढ़ाने के साथ दीर्घकालिक स्वास्थ्य समस्याएं पैदा करती है। महराजगंज का यह अभियान अब प्रदेश स्तर पर नजीर बनने की ओर बढ़ रहा है।


 
	 
						 
						